प्रियेश/न्यूज11 भारत
धनबाद/डेस्क: बरमसिया रामनगर कालोनी के सेवानिवृत्त शिक्षक के घर दिनदहाड़े साढ़े पांच लाख के संपत्ति की चोरी कर ली गई. सूचना पाकर धनसार पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की. भुक्तभोगी शिक्षक शैलेंद्र कुमार मंडल ने बताया कि घर मे पत्नी विमला देवी, पुत्र अभिनय कुमार, बहु सुप्रिया व चार वर्षीय पोती के साथ रहते है. 24 अक्तूबर को पुत्र अभिनय अपनी पत्नी व बेटी के साथ छठ पूजा मनाने अपनी ससुराल मुंगेर चला गया था. वहीं पत्नी विमला 28 अक्तूबर को अपनी छोटी बेटी रागिनी के घर नवाडीह गई थी. वह खुद गुरुवार की दोपहर तीन बजे ट्यूशन पढ़ाने गोधर चला गया था. घर को सुनसान पाकर बदमाश चहारदीवारी फांदकर अंदर घुस गए. इसके बाद घर के मुख्य दरवाजे का ताला रड से तोड़कर अंदर चले गए. सभी कमरे मे रखी आलमारी तोड़कर पांच लाख के आभूषण चोरी कर पिछले दरवाजे के रास्ते फरार हो गए. चोर घर का एक मोबाइल व तीस हजार नगद भी लेकर चलते बने.
जेवर व नकद के साथ पूजन सामग्री की चोरी :
चोरों ने घर के दो थैले व एक बैग मे सामान भरकर ले गए है. घर के पूजा स्थल पास रखे कुबेर थैली मे रखे चांदी के सिक्का, चांदी की कसैली, चांदी की पान पत्ता भी निकाल लिया. वहीं थैली को घर के एक कोने मे फेंक दिया.
टीवी व लैपटॉप का साउंड बढ़ाकर दिया घटना को अंजाम :
शिक्षक ने बताया कि चोरों ने सबसे पहले घर का टीवी और लैपटाप चालू कर लिया. इसके बाद दोनों का साउंड बढ़ा दिया ताकि घर मे तोड़फोड़ करने की आवाज बाहर तक न जा पाए. बताया कि जब वह ट्यूशन पढ़ाकर घर लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है. टीवी और लैपटॉप चालू हुए. जिसका साउंड पूरा बढ़ाया हुआ था. इसके बाद उन्होंने घर के सभी कमरे मे गए तो देखा कि सभी आलमारी का लॉक टूटा है और सामान भी बिखरे पड़े हैं.
यह भी पढ़ें: गावां में रन फ़ॉर यूनिटी के लिए बीडीओ समेत कई अधिकारियों ने लगाई दौड़