गौतम सिंह/न्यूज11 भारत
गिरिडीह/डेस्क: बिरनी प्रखंड के दलांगी गांव में पिछले दो वर्षों से रामनवमी झंडा जुलूस को लेकर चल रहा विवाद समाप्त हो गया. सरिया अनुमंडल कार्यालय परिसर में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में दोनों पक्षों के बीच बैठक हुई, जिसमें लिखित सहमति दर्ज की गई.
बैठक में एसडीएम संतोष गुप्ता, एसडीपीओ धनंजय राम, अंचलाधिकारी संदीप मद्धेशिया, बीडीओ फणीश्वर रजवार, पुलिस इंस्पेक्टर अजय कुमार, बिरनी थाना प्रभारी आकाश सिंह भारद्वाज समेत दोनों पक्षों के प्रतिनिधि मौजूद थे. प्रशासन ने प्रस्तावित सभी मार्गों का निरीक्षण कर पुष्टि की कि मार्ग सुगम, चौड़ा और सुरक्षित है.बैठक में सर्वे (सरकारी) रास्ते से झंडा जुलूस निकालने पर सहमति बनी. इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपना अनिश्चितकालीन धरना समाप्त कर दिया. उनका कहना था कि प्रशासन द्वारा स्थायी समाधान निकालने के बाद उनकी मांग पूरी हो गई है.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार झंडा जुलूस लेवरा बजरंगबली मंदिर से प्रारंभ होकर दलांगी के विभिन्न घरों और चौकों से गुजरते हुए उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय उमरियाटांड़, पंचायत भवन दलांगी, इंदुघाट चौक, मेन रोड से बाराटांड़ अखाड़ा तक जाएगा. इसके बाद जुलूस उसी मार्ग से लौटते हुए देवी मंडप दलांगी में समाप्त होगा. प्रशासन और स्थानीय समुदाय ने इस समझौते के माध्यम से क्षेत्र में शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने का संकल्प लिया है. समाधान के बाद अब झंडा जुलूस को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से निकालने का रास्ता साफ हो गया है.
यह भी पढ़ें: डिप्टी मेयर चुनाव से पहले पार्षदों की सिंह मेंशन में बैठक, पार्षद अरुण चौहान को पार्षदों ने दिया अपना समर्थन