संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत
चांडिल/डेस्क: ईचागढ़ प्रखंड सभागार में शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के 112 झारखंड अलग राज्य चिह्नित आंदोलनकारियों के बीच प्रमाण पत्र का वितरण विधायक सविता महतो ने किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंदोलनकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे. इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण में आंदोलनकारियों का योगदान अतुलनीय रहा है. उनके संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज अलग झारखंड राज्य की पहचान स्थापित हो सकी है.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों को लेकर प्रतिबद्ध है तथा उन्हें उचित मान-सम्मान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं.विधायक ने आगे कहा कि यह प्रमाण पत्र केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि आंदोलनकारियों के संघर्ष की पहचान है.यह आने वाली पीढ़ियों को भी उनके योगदान की याद दिलाता रहेगा. उन्होंने सभी आंदोलनकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके बेहतर भविष्य और सम्मानजनक जीवन की कामना की.
इस दौरान एक आंदोलनकारी अस्वस्थ होने के कारण प्रखंड कार्यालय के ऊपर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके विधायक को जब इस बात की जानकारी हुई तो वे स्वयं आंदोलनकारी तक पहुंचकर उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य ज्योति लाल मांझी, अंचलाधीकारी दीपक प्रसाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी एकता वर्मा, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव, सपन सिंहदेव, किशुन किस्कू, अमित सिन्हा समेत काफी संख्या में विभाग के अधिकारी एवं लोग उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: विधायक सविता महतो ने चिलगु कल्याणपुर स्कूल में चार क्लास रूम का किया शिलान्यास