न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के समापन और बजट निकासी को समय पर पूरा करने के लिए एक अहम आदेश जारी किया है. राज्य के वित्त विभाग ने तय किया है कि 28 मार्च (शनिवार) को प्रमुख कोषागार सामान्य कार्यदिवस की तरह खुले रहेंगे.
किन कोषागारों में रहेगा कामकाज
वित्त विभाग की निदेशक संध्या गुप्ता द्वारा जारी आदेश के अनुसार रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन कोषागार (साइबर कोषागार सहित) और डोरण्डा कोषागार (SNA कोषागार सहित) के अलावा राज्य के सभी जिला और उप-कोषागार भी इस दिन कामकाज करेंगे. बता दें कि मार्च महीने में वित्तीय वर्ष का समापन होने के कारण विभिन्न विभागों के बिल भुगतान और फंड निकासी पर विशेष दबाव रहता है. सरकार ने यह सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है कि शनिवार होने के बावजूद किसी भी भुगतान प्रक्रिया में विलंब न हो और सभी सरकारी विभागों के बिल समय पर पारित हो सकें.
वित्त विभाग ने इस संबंध में भारतीय रिजर्व बैंक, मुंबई स्थित केंद्रीय कार्यालय, रांची उपायुक्त और राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति को सूचित किया है. कोषागार पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शनिवार को प्राप्त होने वाले सभी बिल उसी दिन स्वीकार किए जाएं, उनका मूल्यांकन और भुगतान तत्काल सुनिश्चित किया जाए. इसके साथ ही बैंकिंग सेवाओं और तकनीकी प्रणालियों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा ताकि लेनदेन में कोई देरी न हो.
ये भी पढ़ें- रांची पुलिस ने रामनवमी को लेकर नागरिकों से की विशेष अपील, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाए त्योहार