उपायुक्त ने सीएचसी बालूमाथ और बालूमाथ, बरियातू, हेरहंज प्रखंड कार्यालयों व विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण

By : News11 Bharat
उपायुक्त ने सीएचसी बालूमाथ और बालूमाथ, बरियातू, हेरहंज प्रखंड कार्यालयों व विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण

अजीत कुमार/न्यूज 11 भारत 

लातेहार/डेस्क:  उपायुक्त संदीप कुमार ने आज उच्च विद्यालय उदयपुरा, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उदयपुरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बालूमाथ, बालूमाथ प्रखंड कार्यालय, बरियातू प्रखंड कार्यालय, हेरहंज प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया.उच्च विद्यालय उदयपुरा के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षक उपस्थिति, विद्यार्थियों की उपस्थिति, साफ-सफाई एवं बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया.निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने छात्रों की उपस्थिति की स्थिति की समीक्षा की तथा शिक्षकों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया. उन्होंने विद्यालय में अनुशासन एवं समयबद्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया.

बिना स्वीकृत अवकाश पर गये शिक्षकों को लेकर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी का भी अवलोकन किया गया. इस दौरान  वैसे शिक्षक जो अवकाश स्वीकृत कराए बिना अवकाश पर गए हुए हैं. इस पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित शिक्षक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी शिक्षक एवं कर्मी समय पर विद्यालय पहुंचना सुनिश्चित करें तथा उपस्थिति का संधारण नियमित एवं सही ढंग से किया जाए.उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी शिक्षक अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें.इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने विद्यालय भवन एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक मरम्मत एवं रख-रखाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने का निर्देश दिया.

स्वास्थ्य सुविधाओं व साफ-सफाई का लिया जायजा

आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उदयपुरा के निरीक्षण के क्रम में उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, दवा वितरण, साफ-सफाई एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें.इसके पश्चात उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बालूमाथ का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने ओपीडी, वार्ड, दवा भंडारण कक्ष एवं अन्य इकाइयों का निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा की. उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखें तथा सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएं.इसके पश्चात उपायुक्त ने बालूमाथ प्रखंड कार्यालय, बरियातू प्रखंड कार्यालय, हेरहंज प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया.

उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण एवं साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की. साथ ही पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यों का निष्पादन पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित करें.उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी अभिलेखों का संधारण सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखें. विशेष रूप से कैशबुक को नियमित रूप से अपडेट रखने का निर्देश दिया गया, ताकि वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो सके.निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रखंडों में चल रहे जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी जायजा लिया. उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल कर्मियों से जानकारी प्राप्त की एवं निर्देश दिया कि जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित किया जाए.

उपायुक्त ने कहा कि सभी कार्यालयों में कार्यों का निष्पादन समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से सुनिश्चित किया जाना चाहिए, जिससे आम जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकें और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.इस दौरान अपर समाहर्ता रामा रविदास , डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार अजय कुमार रजक, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्रेयांश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, संबंधित अन्य उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: सुबोध कुमार ने मगध सीसीएल संघमित्रा क्षेत्र के 14वें परियोजना पदाधिकारी के रूप में दिया योगदान