गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: गोमिया विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक माधवलाल सिंह के निधन का समाचार अत्यंत ही दुःखद एवं मर्माहत करने वाला है. उनके निधन से झारखंड की राजनीति, सामाजिक जीवन तथा जनसेवा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है. वे एक अनुभवी, जनप्रिय एवं जुझारू जनप्रतिनिधि थे, जिन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सदैव आम जनता की समस्याओं एवं जनभावनाओं को प्राथमिकता देते हुए समाजहित में कार्य किया.
जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने पूर्व विधायक माधवलाल सिंह जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय सिंह जी का संपूर्ण जीवन जनसेवा एवं सामाजिक समर्पण का प्रतीक रहा. वे सदैव गरीबों, जरूरतमंदों एवं वंचित वर्गों की आवाज बनकर कार्य करते रहे. उनका सरल स्वभाव, सौम्य व्यक्तित्व एवं जनता के प्रति समर्पित भावना उन्हें अन्य जनप्रतिनिधियों से अलग पहचान दिलाती थी.
सांसद श्री महतो ने कहा कि स्व. माधवलाल सिंह जी ने अपने सार्वजनिक जीवन में राजनीतिक मर्यादा, सामाजिक सौहार्द एवं जनकल्याण की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी. वे क्षेत्र की जनता के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे तथा हर परिस्थिति में लोगों के सुख-दुःख में सहभागी बनकर खड़े रहते थे. उनका निधन न केवल गोमिया क्षेत्र बल्कि संपूर्ण झारखंड के लिए एक बड़ी क्षति है.
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सिंह जी के योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा तथा उनका सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा. ऐसे व्यक्तित्व का अचानक हमारे बीच से चले जाना अत्यंत पीड़ादायक है.
सांसद श्री बिद्युत बरण महतो ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
यह भी पढ़ें: IPL 2026 के प्लेऑफ की दौड़ में बची हुई हैं 8 टीमें, किस टीम बन सकती हैं कितनी सम्भावनाएं?