श्रीकांत/न्यूज़11 भारत
गिरिडीह/डेस्क: पचंबा थाना क्षेत्र में नाबालिग से कथित छेड़छाड़ और इसके बाद हुए लाठीचार्ज का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. मामले को लेकर भाजपा ने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. भाजपा नेताओं का आरोप है कि छेड़छाड़ की घटना के बाद पीड़िता के परिवार को आरोपी युवक और उसके परिजनों की ओर से डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है.
भाजपा के जिलाध्यक्ष रणजीत कुमार राय ने कहा कि नाबालिग बच्ची के साथ लगातार छेड़छाड़ किए जाने की शिकायत सामने आ रही थी. इसी मामले को लेकर भाजपा के लोग और स्थानीय लोग पीड़िता के परिवार के साथ खड़े होने पहुंचे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर मारपीट की गई, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं.
भाजपा नेताओं ने मांग की है कि नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपित युवक और उसके परिजनों द्वारा पीड़िता के परिवार को कथित तौर पर धमकाने के मामले में भी कार्रवाई की जाए. वहीं, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की गई है.
भाजपा नेताओं के अनुसार, घटना में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के अलावा वार्ड पार्षद संजीव सिंह गुड्डू सहित कई लोगों के साथ मारपीट हुई है. इसमें कई लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है.
भाजपा भाजपा नेता संजीव कुमार व दिनेश यादव ने कहा कि वे लोग किसी विवाद को बढ़ाने नहीं, बल्कि समाज और पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने के लिए वहां गए थे. उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. दूसरी ओर, मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई और जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं.