न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: माण्डर के कंदरी स्थित भारथी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सभागार में भारथी कॉलेज ऑफ एजुकेशन,सतीश कुमार सिन्हा मेमोरियल कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं फार्मेसी के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई. कार्यक्रम का शुभारंभ नर्सिंग के प्राचार्य,बी.एड.के एच.ओ.डी , सभी फैकल्टी मेंबर एवं छात्र -छात्राओं द्वारा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया. इस अवसर पर संस्थान के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने दोनों महान विभूतियों के देश सेवा, सत्य, अहिंसा और सादगी के संदेशों को याद किया.
सत्य, अहिंसा और 'जय जवान, जय किसान' के आदर्शों पर चर्चा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य व अहिंसा के सिद्धांतों और लाल बहादुर शास्त्री के 'जय जवान, जय किसान' के नारे के महत्व पर प्रकाश डाला. वक्ताओं ने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक हैं, वहीं शास्त्री जी का जीवन हमें सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है. भावी शिक्षकों, नर्सों और फार्मासिस्टों को इन महापुरुषों के पदचिन्हों पर चलकर समाज और देश की सेवा करने का संकल्प दिलाया गया.
सांस्कृतिक व वैचारिक कार्यक्रमों का आयोजन
इस अवसर पर भारथी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, सतीश कुमार सिन्हा मेमोरियल कॉलेज ऑफ नर्सिंग और फार्मेसी के छात्र-छात्राओं ने भाषण एवं विचार गोष्ठी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. विद्यार्थियों ने अपने भाषणों और प्रस्तुतियों के माध्यम से गांधी जी के स्वच्छता अभियान और शास्त्री जी के नेतृत्व क्षमता को रेखांकित किया. कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन के साथ सभी की उपस्थिति में राष्ट्रगान का गायन किया गया. इस दौरान संस्थान के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.