न्यूज11 भारत
पलामू/डेस्क: अवैध रूप से वाहनों को जब्त करने और उनके मालिकों से अवैध वसूली करने के मामले में पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने कड़ा रुख अपनाया है. एसपी ने तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए लाइन हाजिर कर दिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 11 मई को तरहसी थाना प्रभारी ने अवैध खनन का आरोप लगाते हुए एक जेसीबी (JCB), एक टिपर और एक ट्रैक्टर को जब्त किया था. इसके बाद वाहनों को छोड़ने के एवज में वाहन मालिकों से मोटी रकम की मांग की जाने लगी.
ऑडियो क्लिप से खुला राज
पीड़ित वाहन मालिक के पास थाना प्रभारी द्वारा की जा रही पैसों की डिमांड का एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद था. पीड़ित ने इस ऑडियो साक्ष्य के साथ सीधे पलामू एसपी कपिल चौधरी से मुलाकात कर लिखित शिकायत दर्ज कराई.
लगातार मिल रही थीं शिकायतें
सूत्रों के मुताबिक, थाना प्रभारी आनंद राम के खिलाफ केवल यही एक मामला नहीं था, बल्कि पिछले कुछ समय से उनकी संदिग्ध गतिविधियों और अवैध वसूली को लेकर एसपी कार्यालय को लगातार शिकायतें मिल रही थीं. इन शिकायतों और ऑडियो साक्ष्य के प्राथमिक सत्यापन के बाद, पलामू एसपी ने कानून व्यवस्था और पुलिस की छवि को बेदाग बनाए रखने के लिए यह बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है. पुलिस विभाग के इस कदम से भ्रष्ट अधिकारियों में हड़कंप मच गया है.
यह भी पढ़ें: पांकी-मेदिनीनगर मार्ग पर ऑटो और बाइक में भीषण भिड़ंत, दो की हालत नाजुक, मची अफरा-तफरी