प्रेम कुमार सिंह/न्यूज11 भारत
भरनो/डेस्क: भरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-43 रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर खरवागाढ़ा के समीप गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक सूरदास की मौत हो गई. मृतक की पहचान अताकोरा पंचायत के मकरा गांव निवासी 34 वर्षीय शनिका उरांव के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिका उरांव दृष्टिबाधित (सूरदास) था और प्रतिदिन की तरह गुरुवार को भी भीख मांगने के लिए भरनो आया था. दिनभर भरनो बाजार और आसपास के क्षेत्रों में लोगों से सहायता मांगने के बाद वह देर शाम अपने गांव मकरा लौट रहा था. इसी दौरान खरवागाढ़ा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई.
हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा. इसकी सूचना तत्काल भरनो थाना पुलिस को दी गई,सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की. बाद में मृतक की पहचान शनिका उरांव के रूप में हुई. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है. आसपास में संभावित साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. ग्रामीणों ने बताया कि शनिका उरांव बेहद गरीब परिवार से था और दृष्टिबाधित होने के कारण प्रतिदिन भरनो आकर भीख मांगकर अपना जीवनयापन करता था. उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में घटना के बाद शोक की लहर है.