धर्मेंद्र शर्मा/न्यूज11 भारत
निरसा/डेस्क: निरसा अनुमंडल क्षेत्र में अवैध लॉटरी के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी प्रिंटिंग प्रेस का भंडाफोड़ किया है. बीसीसीएल के एक जर्जर आवास में कथित रूप से अवैध लॉटरी की छपाई और पैकिंग का काम चल रहा था. पुलिस ने शुक्रवार की शाम छापेमारी कर भारी मात्रा में छपी हुई अवैध लॉटरी, प्रिंटिंग से जुड़े सामान और अन्य सामग्री बरामद की है. बरामद लॉटरी टिकटों की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है.
कार्रवाई निरसा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) लिलेश्वर महतो के नेतृत्व में चिरकुंडा पुलिस की टीम ने की. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने संबंधित बीसीसीएल आवास में दबिश दी. छापेमारी के दौरान पुलिस को वहां अवैध लॉटरी की छपाई और तैयार टिकटों का बड़ा स्टॉक मिला. मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है.
पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध लॉटरी के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि जर्जर बीसीसीएल आवास का इस्तेमाल अवैध गतिविधियों के लिए किया जा रहा था. मिनी प्रिंटिंग प्रेस के जरिए बड़ी मात्रा में लॉटरी टिकट तैयार किए जाने की आशंका है.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध लॉटरी टिकट के साथ मिनी प्रिंटिंग प्रेस और उससे संबंधित उपकरण जब्त किए हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और तैयार की जा रही लॉटरी को किन-किन क्षेत्रों में खपाया जाता था. बताया जा रहा है कि अवैध लॉटरी का नेटवर्क चिरकुंडा और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से सक्रिय हो सकता है. पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
फिलहाल पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. छापेमारी में बरामद लॉटरी की वास्तविक संख्या, प्रिंटिंग मशीनों की संख्या और इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पुलिस की विस्तृत जानकारी का इंतजार है. इस दौरान एसडीपीओ के साथ चिरकुंडा थाना प्रभारी आशुतोष कुमार मौजूद थे.