संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान छः मुहान चौक, शाहपुर बस एवं टेम्पो स्टैंड, बैरिया चौक तथा रेडमा चौक पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया.अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों में बिना हेलमेट चलने वाले एवं ट्रिपल राइडिंग करने वाले लोगों को फूलों की माला पहनाकर जागरूक किया गया.
उन्हें संदेश दिया गया कि यदि वे अपनी सुरक्षा के प्रति लापरवाह रहेंगे और हेलमेट का उपयोग नहीं करेंगे, तो कहीं ऐसा न हो कि भविष्य में उनकी तस्वीर पर ही माला चढ़ानी पड़े. इस प्रतीकात्मक पहल के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने और सुरक्षित वाहन संचालन के महत्व का एहसास कराया गया.कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा सेल के सदस्यों एवं पुलिस पदाधिकारियों द्वारा हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव तथा अन्य यातायात नियमों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही नियमों के उल्लंघन से होने वाली दुर्घटनाओं एवं उनके दुष्परिणामों के बारे में भी लोगों को अवगत कराया गया.
अभियान का उद्देश्य लोगों में यह भावना विकसित करना था कि सड़क सुरक्षा केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं एवं परिवार की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. प्रतीकात्मक रूप से माला पहनाकर नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों को यह संदेश दिया गया कि यातायात नियमों का पालन जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है.सड़क सुरक्षा सेल के प्रबंधक विनीत कुमार ने सभी वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करें तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि जीवन अनमोल है, इसे लापरवाही के कारण व्यर्थ न गंवाएं.
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री आवास घेराव करने मामले में पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस और आजसू नेता देवशरण भगत को नहीं मिली कोर्ट से राहत