विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़11 भारत
बरही/डेस्क: बरही के हजारीबाग रोड स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 24 अप्रैल 2026 को हुई सनसनीखेज लूट का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को सम्मानित किया गया. पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने पुलिस का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करने के लिए बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार और निवर्तमान सर्किल इंस्पेक्टर चंद्रशेखर कुमार एवं चौपारण पूर्व थाना प्रभारी सरोज चौधरी समेत पूरी टीम को प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया.
तीन अपराधी गिरफ्तार, लूट का माल बरामद
ज्ञात हो कि पुलिस टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी कर अंतरराज्यीय गिरोह के तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया. इनके पास से लूटे गए नकद रुपये, सोना, ज्वेलरी और वारदात में इस्तेमाल वाहन भी बरामद कर लिया गया.
एसपी बोले: बड़ी उपलब्धि
सम्मान समारोह में एसपी अमन कुमार ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में पेशेवर तरीके से कार्रवाई कर अपराधियों को पकड़ना टीम की बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तत्परता और प्रतिबद्धता से काम कर रही है.
बरही बैंक लूट कांड के सफल उद्भेदन से पुलिस का मनोबल बढ़ा है. एसपी ने टीम के सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह अपराधियों पर नकेल कसने का आह्वान किया. इधर सम्मानित हुए एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने कहा कि पुलिस ईमानदारी पूर्वक काम करती है लेकिन जब ईमानदारी का इनाम इस तरह से मिलता है तो मनोबल पुलिस को हाई हो जाता है. कहा हमने टीम भावना से काम किया. जिसके परिणाम स्वरूप हमलोगों को सफलता मिली लेकिन एसपी महोदय एवं एसडीपीओ सदर अमित आनंद का निर्देशन एवं तकनीकि सहयोग बैंक लूट कांड में काफी सहयोग किया.
यह भी पढ़े: CNG Price Hike: फिर महंगी हुई CNG, दिल्ली-NCR में 3 दिन में 3 रूपए का इजाफा, जानें नए रेट