कासिफ अख्तर/न्यूज11 भारत
कोडरमा/डेस्क: कोडरमा जिले के सतगावां प्रखंड के ईटाय पंचायत अंतर्गत मोहनपुर गांव में रविवार को आस्था, श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच श्रीश्री 1008 श्रीहनुमत प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ. यज्ञ की शुरुआत 501 कन्याओं की भव्य कलश यात्रा के साथ की गई, जिसमें क्षेत्र का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया.
सुबह से ही गांव और आसपास के इलाकों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. पारंपरिक वेशभूषा में सजी कन्याएं सिर पर कलश रखकर गाजे-बाजे, डीजे और बैजू बाजे के साथ यज्ञ स्थल से मोहनपुर, योगीडीह, ईटाय, रसेला होते हुए घाघरा नदी तक पहुंचीं. इस दौरान “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा.
यज्ञ स्थल पर पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना शुरू की गई. आचार्य विमलेश पाण्डेय (श्रीधाम अयोध्या) के निर्देशन में यज्ञ संपन्न कराया जा रहा है, जबकि प्रवचन के लिए भागलपुर से पूज्या संगीता सुमन जी पहुंची हैं.
आयोजकों के अनुसार, 20 अप्रैल को वेदी पूजन व अधिवास, 21 व 22 अप्रैल को विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, नगर भ्रमण और शय्याधिवास होंगे, जबकि 23 अप्रैल को प्राण प्रतिष्ठा, हवन एवं पूर्णाहुति के साथ यज्ञ का समापन होगा. 19 से 23 अप्रैल तक प्रतिदिन रात्रि में प्रवचन और रामलीला का आयोजन भी किया जाएगा.
यज्ञ को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष धनंजय यादव, उपाध्यक्ष अनिल यादव, सचिव अपेन्दर यादव सहित कई पदाधिकारी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. वहीं मुखिया अमर कुमार, कोषाध्यक्ष संदीप यादव समेत अनेक ग्रामीण और युवा आयोजन में सहयोग कर रहे हैं.
ग्रामीणों में महायज्ञ को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है. लोगों का कहना है कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से न केवल आध्यात्मिक माहौल बनता है, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारा भी मजबूत होता है.
यह भी पढ़ें: बरवाडीह में जिला स्तरीय कराटे चैंपियनशिप का शुभारंभ, विभिन्न प्रखंडों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा