अरुण कुमार यादव/न्यूज11 भारत
गढ़वा/डेस्क: गढ़वा जिले के नक्सलियों की गढ़ रहे सुदूरवर्ती बड़गड़ थाना क्षेत्र के बुढ़ा पहाड़ के झालूडेरा पुलिस पिकेट एवं कुल्ही पिकेट में पलामू प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा पहुंचे,जहाँ पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने एवं युवा पीढ़ी को रचनात्मक कार्य में लगाने, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने, पुलिस की मित्रवत छवि को निखारने और खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम के दौरान कुल्ही पिकेट में स्थानीय युवा खिलाड़ियों के बीच खेल सामग्री एवं बुढ़ापहाड़ में शिक्षण सामग्री का वितरण किया. इस दौरान पलामू प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा के द्वारा नक्सल परिदृश्य की भी समीक्षा की गई, जिसमें मुख्य रूप से नक्सलियों द्वारा की जा रही हिंसा पर रोक, भौगोलिक संकुचन, सुरक्षा बलों की मजबूत पैठ,आत्मसर्पण एवं एयर ऑपरेशन नीति और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास के पहलुओं पर जोर दिया गया. साथ ही बड़गड़ थाना क्षेत्र के बहेरा टोली और पुनदाग सीआरपीएफ कैंप का भ्रमण कर जायजा लिया.
वहीं मौके पर पुलिस अधीक्षक, गढ़वा ने उपस्थित सभी बच्चों से संवाद किया और उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित किया और कहा की गढ़वा पुलिस युवाओं को आपराधिक गतिविधियों से दूर रखने और पुलिस व जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने हेतु ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करती है. इस दौरान पलामू प्रक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक किशोर कौशल, पुलिस अधीक्षक, गढ़वा अमन कुमार,CRPF 172 बटालियन कमांडेंट, CRPF 172 बटालियन 2IC,अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंका रोहित रंजन सिंह, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी भंडरिया सुभाष कुमार पासवान,थाना प्रभारी, बड़गड़ दीपक कुमार मौर्य के साथ अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: जैक सदस्य अली अल अराफ़ात पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां जिला के पर्यवेक्षक बने