प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: शिक्षा विभाग द्वारा संचालित सेटैंग कार्यक्रम के तहत गुरुवार को प्लस टू उच्च विद्यालय भरनो में प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों के सचिवों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया.प्रशिक्षण का उद्देश्य डहर एप एवं पोर्टल के माध्यम से छात्र सत्यापन,आउट ऑफ स्कूल बच्चों के सर्वेक्षण तथा ऑनलाइन डेटा अद्यतन की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करना था.कार्यक्रम बीपीओ सूरज लकड़ा की उपस्थिति में आयोजित किया गया.प्रशिक्षण की शुरुआत पूर्व में चिन्हित 58 विद्यालयों के सचिवों को दिए गए प्रशिक्षण की समीक्षा से हुई. इस दौरान सचिवों से फील्ड में कार्य करते समय आने वाली समस्याओं की जानकारी ली गई तथा उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई. इसके बाद प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों के सचिवों को शामिल करते हुए संयुक्त प्रशिक्षण दिया गया.
प्रशिक्षण में सचिवों को डहर एप एवं पोर्टल के माध्यम से चिन्हित बच्चों के नामांकन का सत्यापन करने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई.बताया गया कि प्रत्येक सचिव को यह सुनिश्चित करना है कि चिन्हित बच्चों का संबंधित विद्यालयों में नामांकन हुआ है या नहीं तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर इसकी प्रविष्टि अनिवार्य रूप से पूरी करें.अधिकारियों ने कहा कि यह प्रक्रिया वास्तविक नामांकन की स्थिति स्पष्ट करने और शिक्षा से वंचित बच्चों की पहचान कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.बीपीओ सूरज लकड़ा एवं सीआरपी विजय कुमार ने प्रोजेक्टर के माध्यम से डहर एप की कार्यप्रणाली का चरणबद्ध प्रदर्शन किया.
उन्होंने आउट ऑफ स्कूल बच्चों के सर्वेक्षण,वर्क साइट टैगिंग तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी.साथ ही निर्देश दिया गया कि जिन बच्चों का डेटा ड्रॉप बॉक्स में इंपोर्ट नहीं हो पाया है, उन्हें संबंधित विद्यालयों के माध्यम से पोर्टल पर इंपोर्ट कर ऑनलाइन रिकॉर्ड को अद्यतन करना सुनिश्चित करें.बीपीओ सूरज लकड़ा ने सचिवों से निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रियागत समस्या होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें,ताकि कार्य समय पर पूर्ण किया जा सके.प्रशिक्षण कार्यक्रम में बीआरपी समीम एजाज,सीआरपी विजय कुमार,नूर एहसान,भूषण केशरी,शशि भूषण,शाहीन परवीन,वरदानी टोप्पो सहित प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों के सचिव उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: घाघरा प्रखंड के सलामी गांव में 20 साल से सड़क बदहाल, ग्रामीणों ने सड़क पर धान रोपकर जताया विरोध