उत्तम विश्वकर्मा/न्यूज़ 11 भारत
राजगंज/डेस्क: बड्स गार्डेन स्कूल, राजगंज, धनबाद में गुरुवार को जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इस दौरान राधा-कृष्ण साज-सज्जा, माखन चोरी, वंशी चोरी और रासलीला समेत कई मनमोहक प्रस्तुतियां बच्चों द्वारा दी गईं.
कार्यक्रम को लेकर नर्सरी एवं केजी कक्षा के बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला. अनेक अभिभावक अपने बच्चों को राधा-कृष्ण के रूप में आकर्षक ढंग से सजाकर विद्यालय लेकर पहुंचे. विद्यालय की शिक्षिकाओं के सहयोग से परिसर में भगवान श्रीकृष्ण और राधा से संबंधित सुंदर झांकियां तैयार की गईं.
बच्चों ने राधा, कृष्ण और गोपियों के रूप में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच मिठाई, चॉकलेट एवं अन्य उपहार भी वितरित किए गए.
जूनियर कक्षाओं की शिक्षिकाओं सविता, श्वेता जॉन, स्वाति कुटरियार, नंदिनी, तान्या, रिमझिम गौरी, बिना और निभा समेत अन्य शिक्षिकाओं ने बच्चों को तैयार कराने तथा सुंदर झांकियां प्रस्तुत कराने में महत्वपूर्ण सहयोग किया.
विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्राचार्य प्रमोद चौरसिया एवं चेयरमैन अमर कुमार पाल ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी अभिभावकों और शिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया.
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा और बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने जन्माष्टमी समारोह को यादगार बना दिया.
यह भी पढ़ें: पेटल ब्लूम एकेडमी में धूमधाम से मनाया गया कृष्ण जन्मोत्सव, नन्हे कान्हा ने फोड़ी मटकी