न्यूज11 भारत
रामगढ़/डेस्क: हेंदेगीर कोले रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक सेंसर चोरी मामले में रेलवे सुरक्षा बल पतरातू को बड़ी सफलता मिली है. करीब 1.80 लाख रुपये मूल्य की चोरी गई रेल संपत्ति बरामद कर ली गई है. जबकि मुख्य आरोपी गुड्डू मलिक फरार हो गया. मामले में लगातार छापेमारी जारी है.
11 ट्रैक सेंसर चोरी से बाधित हुआ था रेल परिचालन
रेलवे सुरक्षा बल के अशिकारियो ने बताया कि 10/11 अप्रैल की रात हेंदेगीर कोले रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 137/06 से 138/07 के मध्य अज्ञात अपराधियों ने 11 ट्रैक सेंसर एवं क्लैंप असेंबली चोरी कर ली थी. घटना के बाद संबंधित विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण में रेलवे को लगभग 1.80 लाख रुपये की क्षति आंकी गई. चोरी के कारण रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ था.
आरपीएफ ने दर्ज किया मामला, जांच अजय कुमार सिंह को सौंपी गई
मामले में संबंधित विभाग की प्राथमिकी पर आरपीएफ पोस्ट पतरातू में कांड संख्या-04/2026 दिनांक 11.04.2026 के तहत धारा 3 RP(UP) Act एवं 174(C) रेल अधिनियम के अंतर्गत अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया. जांच का जिम्मा निरीक्षक अजय कुमार सिंह को सौंपा गया.
डंप डाटा से मिला सुराग, राजेंद्र महतो गिरफ्तार
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त धनबाद के निर्देश एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त बरकाकाना के मार्गदर्शन में जांच के दौरान डंप डाटा के आधार पर 6 मई को राजेंद्र कुमार महतो, पिता गालो महतो, ग्राम बड़की मेडी पताल, थाना केरेडारी जिला हजारीबाग को गिरफ्तार किया गया. उसके पास सेंसर खोलने में प्रयुक्त रिंच और कटर भी बरामद हुए.
मोटरसाइकिल जब्त, फिर तालाब से मिली चोरी की संपत्ति
7 मई को आरोपी को रेलवे न्यायालय डाल्टनगंज में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया. उसकी निशानदेही पर 8 मई को चोरी की रेल संपत्ति ले जाने में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल (JH 02R 8272) जब्त की गई.
तालाब में छिपाकर रखा गया था चोरी का सेंसर
12 मई को मुखबिर की सूचना पर निरीक्षक अजय कुमार सिंह, उप निरीक्षक सोनू कुमार, प्रधान आरक्षी रविशंकर यादव और CIB/IPF बरकाकाना टीम ने बुढ़मू थाना पुलिस के सहयोग से ईचापीरी गांव में छापेमारी की. पुलिस पहुंचते ही आरोपी गुड्डू मलिक जंगल-पहाड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया.
बरामदगी में मिले सेंसर, डिफ्लेक्टर और केबुल
छापेमारी के दौरान तालाब की मेढ़ से 8 ट्रैक सेंसर, एक टूटा सेंसर, एक पूरा सेंसर सेट, 2 डिफ्लेक्टर सेट, 5 सेंसर असेंबली, 3.5 किलो नट-बोल्ट, 9 पेंड्रोल क्लिप तथा करीब 30 फीट केबुल बरामद किया गया. पूरे अभियान की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई. फिलहाल फरार गुड्डू मलिक और शेष रेल संपत्ति की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है.
यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद कांग्रेस नेता पवन खेड़ा गुवाहाटी पुलिस के सामने हुए पेश, जांच में किया सहयोग