न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को करीब सूचना मिली थी कि जोरार-तेतरी टोली क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर नामकुम थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई की. पुलिस टीम ने जोरार-तेतरी टोली स्थित आरोपी आलिव मुंडा के घर पर छापेमारी की.
मौके से मोहम्मद अमन अंसारी (24), पिता मोहम्मद मुमताज अंसारी, निवासी कर्बला टैंक रोड, लोअर बाजार, तथा आलिव मुंडा (करीब 40 वर्ष), निवासी जोरार, तेतरी टोली, थाना नामकुम, को पकड़ा गया. तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 8.17 ग्राम ब्राउन शुगर, 99,680 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल (जेएच01एफएन-6516) बरामद की गई. छापेमारी टीम में वरीय पुलिस उपाधीक्षक अमर कुमार पांडेय, थाना प्रभारी रामनारायण सिंह समेत नामकुम और टाटीसिलवे थाना के पुलिस पदाधिकारी व सशस्त्र बल शामिल थे.
लोगों ने मांग करते यह भी कहा है कि नामकुम ओवरब्रिज के नीचे, शनि मंदिर के पीछे, ईएसआईसी अस्पताल के ठीक सामने एवं दुर्गा सोरेन चौक के गुमटियों में धड़ल्ले से दिन रात गांजा की बिक्री होती है उसे भी चिन्हित कर पुलिस कार्रवाई करें ताकि एक स्वच्छ माहौल बन सके.
यह भी पढ़ें- डालटनगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राम शर्मा अब झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश होंगे