न्यूज़11 भारत
चतरा/डेस्क: सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 35वीं बटालियन, चतरा के प्रांगण में आज रक्षाबंधन का पावन पर्व बेहद उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. यह विशेष कार्यक्रम एनेन्द्र मणि सिंह, कार्यवाहक कमांडेंट के कुशल दिशा-निर्देशन और नेतृत्व में आयोजित किया गया. इस गरिमामयी उत्सव में एकल परिवारों की महिलाओं के साथ-साथ स्थानीय गांवों से आईं बहनों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम के दौरान बहनों ने सरहद और देश की आंतरिक सुरक्षा में चौबीसों घंटे तैनात रहने वाले देश के सजग प्रहरियों के प्रति अपना गहरा सम्मान और स्नेह व्यक्त किया. बहनों ने बटालियन के वरिष्ठ अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और सभी बल कर्मियों की कलाई पर पवित्र रक्षा सूत्र (राखी) बांधा. उन्होंने जवानों की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की तथा मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया.
अपनी कलाई पर राखी बंधवाकर जवान बेहद भावुक और उत्साहित नजर आए. घर-परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा में मुस्तैद जवानों के लिए इस पावन पर्व पर बहनों का साथ मिलना एक सुखद और यादगार अनुभव रहा. इस विशेष अवसर पर एनेन्द्र मणि सिंह, कार्यवाहक कमांडेंट ने एकल परिवारों की महिलाओं और स्थानीय गांवों से आई सभी बहनों का दिल से आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बल के जवानों का मनोबल और हौसला मजबूत होता है. उन्होंने सभी बहनों को उनकी सुरक्षा और सम्मान का भरोसा दिलाया. इस विशेष और भव्य आयोजन में बटालियन के सभी वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, स्थानीय ग्रामीण महिलाएं, एकल परिवार की बहनें और बड़ी संख्या में बल के जवान मुख्य रूप से मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें- सहायक निदेशक सह वरिष्ठ वैज्ञानिक की परीक्षा रद्द करने के मामले में सुनवाई, HC ने रोक लगाने से किया इनकार