राजन पाण्डेय/न्यूज11 भारत
चैनपुर/डेस्क: चैनपुर प्रखंड क्षेत्र में रविवार को भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन अचानक आए आंधी-तूफान और बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया. इस प्राकृतिक आपदा में प्रखंड के कई हिस्सों में जान-माल का नुकसान हुआ है.शिशु मंदिर रोड की निवासी रेखा तिर्की पिता स्व. लजरुश तिर्की के घर पर आंधी के कारण एक विशाल पेड़ गिर गया. इस घटना में घर की छत पर लगा अल्बेस्टर पूरी तरह टूट गया और घर के अंदर रखा सामान काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो गया. पीड़ित परिवार को इस घटना से आर्थिक चोट पहुंची है.वहीं, कुरूमगढ़ रोड निवासी सुरजनाथ साव का घर भी आंधी-तूफान की चपेट में आ गया. तेज हवाओं के कारण उनके घर का ऊपरी हिस्सा उजड़ गया, जिससे परिवार को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
आंधी का असर यातायात पर भी पड़ा
आंधी का असर यातायात पर भी देखने को मिला. हॉस्पिटल मोड़ के समीप एक खजूर का पेड़ जड़ से उखड़कर मुख्य सड़क पर जा गिरा. पेड़ गिरने की वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया.प्रशासनिक मदद पहुंचने से पहले ही स्थानीय नागरिकों और हारिज बासित के लोगों ने तत्परता दिखाई. ग्रामीणों ने मिलकर सड़क पर गिरे पेड़ को हटाया और रास्ता साफ किया, जिसके बाद आवागमन पुनः सुचारू हो सका.
यह भी पढ़ें: लोहदरगा: सुबह टहलने निकले युवक की सड़क हादसे में मौत, सदर थाना क्षेत्र में दर्दनाक घटना, पुलिस जांच में जुटी