न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: मेदिनीनगर शहर के सब्जी मंडी और बस स्टैंड में महिलाओं तथा छोटे दुकानदारों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. इस घटना को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है.
वार्ड पार्षद नीरा देवी ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गांवों से अपनी रोजी-रोटी कमाने आने वाली महिलाओं के मान-सम्मान के साथ किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि भविष्य में किसी भी महिला या दुकानदार के साथ दोबारा दुर्व्यवहार की घटना हुई, तो सभी वार्ड पार्षद एकजुट होकर सड़क पर उतरेंगे और धरना-प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने कहा कि जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना कर्मचारियों की जिम्मेदारी है.
वहीं, वार्ड नंबर 24 के पार्षद रौशन कुमार नाग ने भी घटना की कड़ी निंदा की. उन्होंने बताया कि पिछले 10-15 दिनों से वे बस स्टैंड की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे. उनके अनुसार, 'कृष' नामक युवक द्वारा पर्चियां चेक करने के दौरान गरीब महिलाओं और दुकानदारों से गाली-गलौज और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा था. जब उन्होंने इस व्यवहार का विरोध किया, तो युवक ने उनके साथ भी बदतमीजी की.
रौशन कुमार नाग ने कहा कि गरीब होना कोई अपराध नहीं है और हर नागरिक सम्मान का अधिकार रखता है. उन्होंने चिंता जाहिर की कि यदि बस स्टैंड का माहौल ऐसा ही बना रहा, तो छोटे व्यापारी यहां से पलायन करने को मजबूर हो जाएंगे, जिसका सीधा असर आम लोगों की जरूरतों और शहर में फल-सब्जियों की आपूर्ति पर पड़ेगा. इस मौके पर मौजूद अन्य पार्षदों ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन से शहर के सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षित एवं सम्मानजनक माहौल सुनिश्चित करने की अपील की है.