न्यूज11 भारत
चैनपुर/डेस्क: : गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित सोहन चौक पर चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को धत्ता बताते हुए नीरज जनरल स्टोर को अपना निशाना बनाया. चोर दुकान की छत का एस्बेस्टस तोड़कर अंदर दाखिल हुए और नकदी समेत भारी मात्रा में सामान समेटकर फरार हो गए.पीड़ित दुकानदार एवं चैनपुर निवासी नीरज झा ने बताया कि रोजाना की तरह जब वे सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो देखा कि छत का एस्बेस्टस टूटा पड़ा है और दुकान का सामान इधर-उधर बिखरा हुआ है. जब उन्होंने पड़ताल की, तो गल्ले में रखे बिक्री के नकद रुपये, कुरकुरे, लेस, कोल्ड ड्रिंक्स सहित कई अन्य सामान गायब मिले.चोरी की यह वारदात बेहद अचरज भरी रही.
चोरी ऊपर से सीनाजोरी
चोरों ने घटना के दौरान ही दुकान के पास पटाखे भी फोड़े. चूंकि बीती रात क्षेत्र में करमा पर्व का माहौल था, इसलिए आसपास के ग्रामीणों ने सोचा कि लोग त्योहार की खुशी में पटाखे चला रहे हैं. इसी भ्रम का फायदा उठाकर चोर बड़ी आसानी से घटना को अंजाम देकर रफूचक्कर हो गए.घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना के एसआई मुकेश कुमार सुमन सदल-बल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया.
पुलिस वारदात की छानबीन में जुटी
पुलिस पीड़ित व्यवसायी के बयान के आधार पर मामले की छानबीन में जुट गई है.स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि महज डेढ़ महीने पहले ही प्रखंड मुख्यालय के लूथरन स्कूल के समीप शशि बरला के जनरल स्टोर में भी इसी शैली में चोरी हुई थी, जिसका सुराग पुलिस आज तक नहीं लगा पाई है. एक के बाद एक हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों में भारी खौफ और आक्रोश है. व्यवसायियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है.
यह भी पढ़ें: थम नहीं रहा हाथियों का आतंक, तमाड़ के बाड़ू गांव में हाथियों ने कई एकड़ धान की फसल को किया बर्बाद