राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: आगामी राजकीय सरहुल, ईद, चैती छठ, श्री रामनवमी पूजा एवं चैत्र नवरात्र को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर शनिवार शाम चंदवा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता सीओ सुमित झा ने की, जबकि संचालन बीडीओ चंदन प्रसाद ने किया.
बैठक में अधिकारियों ने सभी समुदायों से त्योहारों के दौरान प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की. सीओ सुमित झा ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में समाज के हर वर्ग की भूमिका महत्वपूर्ण है. छोटी सी लापरवाही भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है, इसलिए युवाओं को संयमित रहने और सही-गलत का फर्क समझाने की जिम्मेदारी समाज के प्रबुद्धजनों की है.
उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, जुलूस के दौरान धार्मिक स्थलों के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं रुकने, ध्वनि विस्तारक यंत्र का सीमित उपयोग करने, अखाड़ा कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा धारदार हथियार लेकर नहीं चलने की हिदायत दी.
थाना प्रभारी रणधीर कुमार ने सरहुल व श्री रामनवमी जुलूस को निर्धारित रूट से ही निकालने तथा रामनवमी अखाड़ा समिति से वॉलेंटियर्स की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. बीडीओ चंदन प्रसाद ने भी सभी की सहभागिता से त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया.
उप प्रमुख अश्विनी मिश्र ने कॉर्पोरेट घरानों के सहयोग से शहर में साफ-सफाई अभियान चलाने तथा जुलूस के दिन भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की अपील की.
बैठक में रामयश पाठक, महेंद्र प्रसाद, सितमोहन मुंडा, पड़हा राजा धनेश्वर उरांव, हाजी फिरोज अहमद सहित अन्य वक्ताओं ने शहर की अमन-चैन की परंपरा को हर हाल में कायम रखने का संकल्प दोहराया.
मौके पर मुखिया संघ अध्यक्ष जतरू मुंडा, फुलजेंसिया टोप्पो, रंजिता एक्का, पंसस नीलम देवी, प्रमोद साहू, राजकुमार साहू, मंटू केसरी, विनोद कुमार गुड्डू, हरिनंदन दुबे, अंकित तिवारी, बाबर खान, असगर खान, रवि डे, नसीम हैदरी समेत दर्जनों प्रबुद्धजन उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: मकरा के सॉलिटेयर एकेडमी पर गरीब अभिभावकों से अवैध वसूली का आरोप! डीसी से कड़ी कार्रवाई की मांग