न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: जिला उपायुक्त के निर्देशानुसार सदर अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) संजय पांडेय द्वारा अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ लगातार औचक निरीक्षण कर कड़ी कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में आज पलामू जिले के बिश्रामपुर प्रखण्ड अंतर्गत ग्राम सोरडीहा में संचालित राहत अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया, जहां चिकित्सक की अनुपस्थिति में मरीजों का उपचार, विभिन्न चिकित्सकीय जाँच और अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड का संचालन किया जा रहा था.
निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने विधिवत वीडियोग्राफी कराकर साक्ष्य संकलित किए तथा जप्ती सूची तैयार कर अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया. इस मामले में डॉक्टर मनोज थॉमस कंडुलना के द्वारा बिश्रामपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय ने स्पष्ट किया है कि बिना सक्षम अनुमति और निर्धारित मानकों के विपरीत स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने वाले अस्पतालों, नर्सिंग होम, अल्ट्रासाउंड सेंटर्स, एक्स-रे और पैथोलॉजिकल केंद्रों के विरुद्ध यह सख्त अभियान निरंतर जारी रहेगा. इस छापामारी दल में अंचल अधिकारी बिश्रामपुर, थाना प्रभारी बिश्रामपुर, अंचल निरीक्षक बिश्रामपुर सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर में ED की बड़ी कार्रवाई! 734 करोड़ GST घोटाले में बाप-बेटा गिरफ्तार