प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह बरवाडीह/डेस्क: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी के निजी सचिव पंकज सिंह ने राज्य के नगर विकास एवं आवास, कला संस्कृति, युवा कार्य, शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू से उनके रांची स्थित आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें नववर्ष की शुभकामनाएँ दीं.मुलाकात के दौरान पंकज सिंह ने राज्य के विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर चर्चा करने के साथ-साथ अपने गृह प्रखंड बरवाडीह में पर्यटन को बढ़ावा देने तथा डिग्री कॉलेज की शीघ्र स्थापना को लेकर मंत्री का ध्यान आकर्षित कराया.
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में माननीय विधायक रामचंद्र सिंह के सार्थक प्रयासों से पर्यटन के क्षेत्र में पूरे राज्य के साथ-साथ बरवाडीह प्रखंड को केचकी संगम बेतला पलामू किला और टाइगर सफारी जैसी कई महत्वपूर्ण सौगातें प्राप्त हुई हैं जिससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि पर्यटन की दृष्टि से मंडल डैम, दुर्जगिन पहाड़ी मंदिर एवं ततहा गर्म कुंड जैसे स्थलों के विकास हेतु नई योजनाओं का चयन किया जाना अत्यंत आवश्यक है.इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में बरवाडीह प्रखंड की गंभीर समस्या की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी बेहतर डिग्री कॉलेज के अभाव में विद्यार्थियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
डिग्री कॉलेज की स्थापना को लेकर माननीय विधायक रामचंद्र सिंह द्वारा विधानसभा सत्र सहित विभिन्न स्तरों पर कई बार सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया गया है, जिस पर सरकारी प्रक्रिया भी चल रही है. उन्होंने अनुरोध किया कि सरकार शीघ्र ठोस कदम उठाते हुए बरवाडीह प्रखंड को डिग्री कॉलेज की सौगात दे, ताकि उच्च शिक्षा के अभाव में क्षेत्र के बच्चों को पढ़ाई छोड़ने की नौबत न आए.उधर, मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने आश्वस्त किया कि सरकार द्वारा बरवाडीह प्रखंड को जल्द ही डिग्री कॉलेज की सौगात दी जाएगी. साथ ही क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को और अधिक विकसित व बेहतर बनाने के लिए भी सरकार के स्तर से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
यह भी पढ़ें: डुमरिया की आदिवासी महिला को अबुआ आवास तत्काल मुहैया कराने की मांग को लेकर ग्रामीण पहुंचे डीसी कार्यालय