संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: केंद्र की मोदी सरकार के सफल कार्यकाल के बारह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पलामू सांसद श्री विष्णु दयाल राम ने "बारह साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के" कार्यक्रम के तहत संसदीय क्षेत्र में एक विशेष जन संपर्क अभियान चलाया. इस अभियान के दौरान उन्होंने डालटनगंज विधानसभा क्षेत्र के कई प्रमुख प्रबुद्ध नागरिकों से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की, जिनमें शाहपुर के श्री संजय जायसवाल, चैनपुर के श्री शम्भू साव, शांतिपुरी के डॉ. पी. एल. पांडेय, सुदना के कवि रविशंकर पाण्डेय और हमीदगंज के डॉ. मनीष पासवान शामिल हैं.
इसके बाद उन्होंने चैनपुर के स्प्रिंगफील्ड इंटरनेशनल स्कूल और मेदिनीनगर के कचरवा डैम में वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
जनसंपर्क के दौरान सांसद बीड़ी राम ने स्वच्छता अभियान के तहत खुद साफ-सफाई की और लोगों से प्लास्टिक अपशिष्ट को पूरी तरह हटाने की अपील की. उन्होंने प्लास्टिक की थैलियों की जगह कपड़े और कागज के थैलों का उपयोग करने का अनुरोध करते हुए कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए बेहद घातक है. यह नॉन-बायोडिग्रेडेबल होने के कारण मिट्टी की उर्वरता नष्ट करता है और नालियों को जाम कर जलभराव की समस्या पैदा करता है. तत्पश्चात, उन्होंने "प्रगति पथ यात्रा" के अंतर्गत क्षेत्र की उच्च प्राथमिकता वाली विकास परियोजनाओं जैसे डालटनगंज बाईपास रोड, पोखराहा स्थित मेडिकल कॉलेज व केंद्रीय विद्यालय और जुडको द्वारा निर्माणाधीन फेज-2 पेयजलापूर्ति योजना का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों से अद्यतन स्थिति की जानकारी ली.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी 'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प के साथ देश की सेवा कर रहे हैं. उनके दूरदर्शी नेतृत्व में एनडीए सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूरे हो रहे हैं. इस दौरान सरकार ने गरीब, शोषित, किसानों और नारी शक्ति के सशक्तिकरण के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी के निर्देशानुसार देश भर में 5 जून से 21 जून 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है और आने वाले दिनों में श्री नरेंद्र मोदी जी देश के सबसे लंबे समय तक निरंतर निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बनकर जनसेवा का एक नया मील का पत्थर स्थापित करेंगे.
इस व्यापक अभियान में सांसद के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अमित तिवारी, वरिष्ठ नेता विजयानन्द पाठक, विभाकर नारायण पाण्डेय, अविनाश वर्मा, प्रमोद सिंह, जिला सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा, शिवकुमार मिश्रा, ईश्वरी पाण्डेय, अविनाश सिन्हा, भोला पाण्डेय, श्रवण गुप्ता, राजेश सिंह, शशिभूषण पाण्डेय, जय दुबे, धीरज गुप्ता, मनीष पाण्डेय, रुपेश कुमार, सुदेश्वर चौधरी, आनंद सिंह, राघवेंद्र तिवारी, विजय शर्मा, विजय पाठक, मुकेश अग्रवाल, रंजन अग्रवाल, शंभू साहू, संजय जयसवाल, राजेंद्र मिश्रा, अनिल जायसवाल, मोनू जायसवाल, पूर्व प्रमुख विजय प्रसाद, सुनील तिवारी, सुनील पांडे, शुभम तिवारी, मनोज प्रजापति और सांसद के निजी सचिव अलख दुबे सहित कौशल झा व आशीष कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे.
यह भी पढ़ें: पुरुषोत्तम मास में भक्तिमय हुआ भरनो, श्रीविष्णु मंदिर में 24 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन शुरू