न्यूज11 भारत
विशाखापट्टनम/डेस्क: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (विजाग स्टील प्लांट) में सोमवार को एक गंभीर औद्योगिक दुर्घटना सामने आई, जिसमें कम से कम आठ श्रमिकों की जान चली गई, जबकि कई अन्य कर्मचारी घायल हो गए. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब क्रेन के माध्यम से अत्यधिक गर्म पिघले हुए स्टील से भरा एक बकेट संयंत्र के भीतर ट्रांसफर किया जा रहा था.
घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया
प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों के मुताबिक, अचानक तकनीकी गड़बड़ी के कारण बकेट से करीब 1,600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला स्टील नीचे कार्यरत श्रमिकों पर गिर गया. हादसे के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारी सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. घटना की सूचना मिलते ही प्लांट प्रशासन, सुरक्षा दल और आपातकालीन सेवाएं तत्काल मौके पर पहुंचीं. बचाव अभियान शुरू करते हुए घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र को घेरकर स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास तेज कर दिए हैं.
राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी
विशाखापट्टनम स्टील प्लांट सर्किल इंस्पेक्टर केशव राव ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. प्रशासन यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि दुर्घटना तकनीकी खामी के कारण हुई या सुरक्षा मानकों में किसी तरह की चूक हुई. इस दुखद घटना पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए तथा घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.
यह भी पढ़ें- यात्रीगण कृपया ध्यान दें: इस ट्रेन के प्रस्थान समय में परिवर्तन, देखें पूरी डिटेल्स