न्यूज़11 भारत
राजधनवार/डेस्क: धनवार थाना क्षेत्र के खेशरंभा गांव में 19 वर्षीय नवविवाहिता राखी कुमारी की हत्या के मामले को लेकर परिजनों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है. मामले में पुलिस ने फिलहाल एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है, बावजूद इसके आक्रोशित परिजन पिछले करीब दो घंटे से सड़क जाम कर धरने पर बैठे हुए हैं.
परिजन हत्या की घटना में संलिप्त सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि जब तक मामले में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे सड़क जाम समाप्त नहीं करेंगे. सड़क जाम के कारण आवागमन प्रभावित होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
इधर, स्थिति को देखते हुए धनवार थाना प्रभारी बृजेश कुमार लगातार आक्रोशित परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं. पुलिस की ओर से परिजनों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया जा रहा है, लेकिन परिजन अपनी मांग पर अड़े हुए हैं.
बताया जा रहा है कि राखी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया था. मामले में पुलिस की कार्रवाई के तहत एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की गई है. फिलहाल पुलिस और परिजनों के बीच बातचीत जारी है. अब देखना होगा कि पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद सड़क जाम कब तक समाप्त होता है और मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आगे क्या कार्रवाई की जाती है.
यह भी पढ़ें- बाबूलाल मरांडी ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा, शिक्षा विभाग, के अपर मुख्य सचिव को लिखा पत्र