न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: अक्सर दुर्गा पूजा के दौरान लोग घर से घूमने के लिए जल्दी निकल जाते है या फिर प्लान कैंसिल कर देते है क्योंकि उनके पास आने-जाने की कोई सुविधा नहीं होती हैं. ऐसे में इस बार रांची में दुर्गा पूजा महोत्सव 2025 के अवसर पर श्रद्धालुओं और आम जनता की सुविधा के लिए रांची नगर निगम ने एक नई पहल की हैं. शहर में अब रातभर विशेष नगर बसें चलेंगी, जिससे पूजा देखने आप लोग सुरक्षित और आराम से घर लौट सकेंगे.
28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगी सेवा
नगर निगम ने घोषणा की है कि 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नगर बसें रात 12 बजे तक या यात्रियों की संख्या समाप्त होने तक चलेंगी. निगम प्रशासक सुशांत गौरव ने बताया कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोग अक्सर रात में लौटने में परेशान हो जाते हैं. इस समस्या को ध्यान में रखते हुए यह बस सेवा शुरू की गई हैं.
जब तक मिलेगी सवारी, तब तक चलेंगी बसें
बसें खासतौर पर उन लोगों की सुविधा के लिए चलाई जा रही है, जो दूर-दराज के इलाकों से दुर्गा पूजा देखने आते हैं. नगर निगम ने साफ किया है कि बसें यात्रियों की सुविधा के अनुसार तब तक चलेंगी जब तक सवारी उपलब्ध रहे. यात्रियों की संख्या खत्म होते ही बसों का संचालन रोका जाएगा.
इन रूटों में होंगे बस सक्रिय
बसों के संचालन के लिए खास रूट तय किए गए हैं. हर रूट पर दो-दो बसें उपलब्ध रहेंगी. प्रमुख रूट इस प्रकार है:
- ओरमांझी चौक से ट्रेकर स्टैंड (भाया बरियातू)
- कांके चौक से जाकिर हुसैन पार्क (भाया कांके रोड)
- तुपुदाना चौक से होटल रेडिसन ब्लू चौक (भाया बिरसा चौक, हिनू)
- धुर्वा गोलचक्कर से होटल रेडिसन ब्लू चौक (भाया बिरसा चौक, हिनू)
- धुर्वा गोलचक्कर से कांटाटोली चौक (भाया हरमू रोड, अरगोड़ा, कडरु, सुजाता चौक, मुंडा चौक)
- रामपुर से कांटाटोली चौक (भाया नामकुम)
शहर में बड़े वाहनों की नो एंट्री
शहर में बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़ देखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस ने शहर में बड़े वाहनों की नो एंट्री लागू कर दी हैं. यह नियम आज से सुबह 4 बजे से लागू है और में रोड, कचहरी समेत अन्य अहम जगहों पर पालन किया जाएगा. यात्रियों से अनुरोध है कि वे घर से निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी अवश्य लें.