न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड सरकार महिलाओं की आर्थिक मजबूती की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही हैं. ‘मंईयां सम्मान योजना’ की लाभार्थियों को अब स्वरोजगार के लिए 20 हजार रुपये तक का आसान लोन मिलेगा. इसके लिए सरकार ‘मुख्यमंत्री मंईयां उद्यम योजना’ शुरू करने की तैयारी में है, जिसे लेकर वित्त विभाग और बैंकों के बीच सहमति बन चुकी हैं.
शनिवार को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट भवन में राज्यस्तरीय बैंकर्स समिति, आरबीआई, नाबार्ड और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई. बैठक में बैंकों ने योजना को लेकर सहमति जताई. अब वित्त विभाग बैंकों के साथ मिलकर लोन से जुड़े मानदंड और प्रक्रिया को अंतिम रूप देगा. सूत्रों के मुताबिक, इस योजना को आगामी राज्य बजट में पेश किया जाएगा और इसकी शुरुआत अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, 8 मार्च को की जा सकती हैं.
45 वर्ष तक की लाभार्थियों को मिलेगा लाभ
योजना के तहत ‘मंईयां सम्मान’ की 45 वर्ष तक की लाभार्थियों को यह लोन दिया जाएगा. लोन की राशि एकमुश्त 20 हजार रुपये होगी, जिसे पांच वर्षों में आसान किस्तों में चुकाया जा सकेगा. सरकार ने यह व्यवस्था इसलिए की है ताकि 50 वर्ष की आयु पूरी होने पर यदि कोई लाभार्थी मंईयां योजना से बाहर होती है, तो लोन रिकवरी को लेकर कोई जटिलता न रहे.
आसान दस्तावेज, सात दिन में लोन स्वीकृति
लोन के लिए आवेदन प्रक्रिया को बेहद सरल रखा जाएगा. लाभार्थियों को केवल आधार कार्ड और पिछले छह माह के बैंक खाते का विवरण देना होगा. ऋण से जुड़े दस्तावेजों के लिए मात्र एक रुपये के रेवेन्यू स्टैंप का प्रावधान किया जा सकता हैं. सभी बैंकों में विशेष ‘मंईयां ऋण डेस्क’ बनाए जाएंगे, जहां आवेदन के सात दिनों के भीतर लोन स्वीकृत किया जाएगा. ग्रामीण इलाकों में बैंक सखी महिलाओं को लोन की पूरी प्रक्रिया समझाने में मदद करेंगी.
डिजिटल ट्रैकिंग के लिए बनेगा विशेष पोर्टल
योजना को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए एक विशेष ‘मंईयां ऋण पोर्टल’ भी विकसित किया जाएगा. इस पोर्टल के जरिए ऋण वितरण, किस्तों की स्थिति और ऋण अपग्रेड की जानकारी डिजिटल रूप से ट्रैक की जा सकेगी. प्रशासनिक हस्तक्षेप को न्यूनतम रखते हुए पात्रता सत्यापन की जिम्मेदारी बैंकों को सौंपी जा सकती हैं. झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) लाभार्थी महिलाओं को व्यवसाय चयन और प्रशिक्षण में तकनीकी सहयोग देगी. महिलाएं इस लोन से मनिहारी दुकान, सिलाई केंद्र, मशरूम उत्पादन, मसाला प्रसंस्करण, पशुपालन जैसे छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर सकेंगी.
यह भी पढ़े: रूस में भारतीय मेडिकल छात्रों पर जानलेवा हमला, हॉस्टल में घुसकर की चाकूबाजी, 4 भारतीय घायल