न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: नवादा के रोह प्रखंड से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक शिक्षक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान रतोई गांव निवासी शिक्षक कौशलेंद्र कुमार नवीन के रूप में हुई है। उनका शव घर से करीब 500 मीटर दूर मडरा गांव के पास एक पैईन के किनारे से बरामद किया गया है।
बताया जा रहा है कि रविवार की शाम करीब 5 बजे कौशलेंद्र कुमार रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। वह बाइक पर जाते हुए दिखाई दिए थे, जबकि उनका मोबाइल घर पर ही था। रात करीब 10 बजे तक जब वह वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। सोमवार सुबह उनका शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
शरीर और खासकर सिर पर चोट के कई निशान मिले हैं। पुलिस हत्या के एंगल से जांच कर रही है। मृतक की पत्नी रूबी देवी का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में शिक्षक की हत्या क्यों और किसने की, यह बड़ा सवाल बना हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।