प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बेतला नेशनल पार्क में हाल ही में आयोजित नेचर ऑफ मीडिया कॉन्क्लेव कार्यशाला को लोगों ने एक महत्वपूर्ण पहल बताया है. इस कार्यक्रम का आयोजन पलामू टाइगर रिजर्व और वर्ल्ड वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था. कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य मीडिया के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और प्रकृति संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना था. कार्यक्रम में मीडिया और पर्यावरण से जुड़े कई विषयों पर चर्चा की गई तथा वन और वन्यजीवों की सुरक्षा में मीडिया की भूमिका को रेखांकित किया गया. स्थानीय लोगों और पत्रकारों का कहना है कि बेतला जैसे प्राकृतिक और ऐतिहासिक महत्व वाले स्थल पर इस तरह का आयोजन होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है. इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.
लोगों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होने चाहिए, ताकि समाज में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत हो सके. साथ ही मीडिया और वन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है. स्थानीय नागरिकों ने आयोजन से जुड़े संस्थानों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह के सार्थक कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंच सके.
यह भी पढ़े: LPG गैस की किल्लत से प्रभावित हुआ फूड डिलीवरी सेक्टर, गिग वर्कर्स की कमाई पर बड़ा असर