भरत मंडल/न्यूज़11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय अंचल के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गजकुंडा पंचायत के पहरीडीह गांव निवासी 38 वर्षीय प्रवासी मजदूर अब्बास अंसारी की दिल्ली में अचानक दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गयी. घटना बुधवार की अहले सुबह की बतायी जा रही है. पोस्टमार्टम और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार की सुबह एंबुलेंस से अब्बास का शव पैतृक गांव पहरीडीह लाया गया.
शव के गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पत्नी और बच्चों समेत अन्य परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे. अब्बास के अंतिम दर्शन के लिए गांव में सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. बाद में परिजनों ने गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया.
बताया जाता है कि अब्बास अंसारी पिछले करीब 12 वर्षों से दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था. वर्तमान में वह दिल्ली के बसंत कुंज क्षेत्र के रंगपुरी पहाड़ी इलाके में रह रहा था. दो सितंबर की अहले सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गयी. सहयोगी और मित्र आनन-फानन में उसे इलाज के लिए एम्स ले गये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
अब्बास की मौत की सूचना गजकुंडा पंचायत के दिल्ली में रह रहे अन्य मजदूरों ने उसके परिजनों को दी. मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गया है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.