न्यूज़11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीपी), बहरागोड़ा में शनिवार को मॉडल यूथ ग्रामसभा का आयोजन किया गया. इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामसभा की कार्यप्रणाली, अधिकारों और जिम्मेदारियों का जीवंत प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक समीर मोहंती शामिल हुए. विद्यालय पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया.
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने मुखिया, पंचायत सचिव, वार्ड सदस्य, ग्राम प्रधान और जलसहिया की भूमिका निभाते हुए मॉडल ग्रामसभा का संचालन किया. उन्होंने ग्रामसभा में जनसमस्याओं को उठाने, विकास योजनाओं पर चर्चा करने तथा ग्रामीणों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. इस गतिविधि के माध्यम से छात्राओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था और पंचायत की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला.
विधायक समीर मोहंती ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मॉडल यूथ ग्रामसभा का बेहतर आयोजन सराहनीय है. इस तरह के कार्यक्रमों से छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास होता है. उन्होंने आयोजन के लिए विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और अन्य कर्मियों को बधाई दी.
इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, उपप्रमुख मुना होता, मुखिया डमा नायक, पानसारी हांसदा, शिल्हु मंडी स्कूल की वार्डन सहित अन्य लोग उपस्थित थे. विधायक के साथ रास बिहारी साव, गुरुचरण मंडी, रिंकू माइति, यदुपति राणा और कान्हु बेरा भी मौजूद रहे.