नीरज कुमार साहू/न्यूज11 भारत
पालकोट/डेस्क: पालकोट प्रखंड कार्यालय में गुरुवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया. ACB की टीम ने मनरेगा के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (BPO) हरीश प्रजापति को एक लाभुक से कथित तौर पर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया.
जानकारी के अनुसार, एक लाभुक ने BPO पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए ACB से शिकायत की थी. शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने मामले की जांच की और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की. बताया गया कि जैसे ही BPO कथित रूप से रिश्वत की रकम ले रहे थे, एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर पकड़ लिया.
गिरफ्तारी के बाद एसीबी अधिकारियों ने प्रखंड कार्यालय के एक कमरे में उनसे पूछताछ की. टीम ने शिकायत से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की भी जांच की. कार्रवाई की खबर फैलते ही प्रखंड कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारियों के बीच चर्चा तेज हो गई.
पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद एसीबी की टीम BPO हरीश प्रजापति को अपने साथ रांची ले गई. इस कार्रवाई के बाद मनरेगा योजनाओं में पारदर्शिता, लाभुकों को मिलने वाली सुविधाओं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
ACB की कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार के आरोपों पर सख्ती से कार्रवाई का संदेश दिया है.
यह भी पढ़ें: यूनाइटेड स्पोर्टिंग क्लब सुंदरनगर में 13-18 सितंबर को होने वाले गणेशोत्सव की तैयारियां तेज, हुआ भूमि पूजन