रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
मझगांव/डेस्क: झारखंड सरकार के द्वारा वितरण की जा रही 4G ई पोस मशीन में अंगूठा लगाते ही राशन कार्डधारी लाभुकों का ई–केवाईसी भी ऑटोमेटिक अपडेट हो जाएगा. यह बातें कुमारडूंगी प्रखंड कार्यालय में मझगांव और कुमारडूंगी प्रखंड के राशन डीलरों को 4G ई पोस मशीन वितरण करते हुए मझगांव के विधायक निरल पूर्ति ने कहा. विधायक ने कहा कि खाद्य आपूर्ति एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के द्वारा पूरे राज्य में 4G ई पोस मशीन का वितरण कर रही है. जिससे जन वितरण प्रणाली दुकानदारों को राशन वितरण करने में सुविधा होगी. लाभुकों को अपने राशन लेने के लिए घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
पश्चिम सिंहभूम जिला में लगभग चार लाखों राशन कार्डधारी का ई केवाईसी अपडेट नहीं हुआ है, ऐसे में उनका राशन कार्ड से नाम काटने का संभावना व्यक्त किया जा रहा है. लेकिन झारखंड सरकार के 4G ई पोस मशीन में एक बहुत ही सुविधाजनक व्यवस्था की गई है. जिसमें अगर लाभुक अपना ई केवाईसी राशन कार्ड का नहीं कराए हैं तो सिर्फ राशन लेने के लिए अंगूठा लगाते ही उनका ई केवाईसी भी अपडेट हो जाएगा. यह एक बहुत बड़ा कदम उठाया गया है. इसलिए जो भी राशन कार्डधारी लाभुक अपना ई केवाईसी नहीं कर पाए हैं, वह अपना 5 किलो राशन के लिए दुकान पहुंचकर अंगूठा लगाए , जिससे उनका ई केवाईसी भी अपडेट ऑटोमेटिक हो जाएगा.
विधायक ने कहा कि राशन दुकानदारों को 2G पोस्ट मशीन से राशन वितरण में काफी परेशानी हो रही थी. नेटवर्क नहीं मिलने से दुकानदार और लाभुक को घंटों इंतजार करना पड़ता था. जिला के सुदरवर्ती क्षेत्र कुमारडूंगी मंझारी, मझगांव प्रखंड के राशन दुकानदार तो पहाड़, पेड़ में चढ़कर नेटवर्क ढूंढते थे और राशन का वितरण करते थे. इन सभी समस्याओं को देखते हुए झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने 4G ई पोस मशीन राशन दुकानदारों को वितरण कर रही है . जिससे उन्हें राशन वितरण करने में बहुत आसानी हो जाएगी. इसी मशीन में राज्य सरकार की योजना धोती साड़ी, ग्रीन कार्ड का राशन और केंद्र सरकार की योजना एपीएल, बीपीएल सभी प्रकार का सुविधा इसमें मौजूद है. वहीं राशन दुकानदार यह भी सुनिश्चित करें कि वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, क्योंकि यह राशन विशेष कर गरीबों के लिए वितरण किया जाता है. लाखों परिवार का पेट इसी राशन से चलता है. इसलिए ईमानदारी के साथ आप सरकार की योजना को लाभुकों तक पहुंचाने का हर संभव प्रयास करें . इसमें गड़बड़ी करने वालों पर सरकार की सख्त नजर रहेगी. ई पोस मशीन वितरण कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रभारी खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, दोनों प्रखंड के राशन दुकानदार समेत अन्य मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: चैनपुर के परमवीर अल्बर्ट एक्का महाविद्यालय में अल्बर्ट एक्का का शहादत दिवस मनाया गया