न्यूज11 भारत
बगोदर/डेस्क: बगोदर प्रखंड क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक सह सचेतक नागेन्द्र महतो ने दो महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया. उन्होंने ग्राम पंचायत खेतको में 700 फीट लंबी पीसीसी सड़क निर्माण योजना तथा ग्राम पोखरिया में उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण कार्य की आधारशिला रखी.
खेतको पंचायत में जिला योजना अनाबद्ध निधि से प्रसादी महतो के पुराने घर से शिव मंदिर मुख्य पथ तक बनने वाली 700 फीट पीसीसी सड़क का शिलान्यास किया गया. विधायक ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे अब स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो रहा है. उन्होंने संवेदक को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके.
इसके बाद विधायक ने ग्राम पोखरिया में उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. उप स्वास्थ्य केंद्र बनने से पोखरिया सहित आसपास के गांवों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी और इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.
दोनों कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही. ग्रामीणों ने सड़क और स्वास्थ्य केंद्र निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए खुशी जाहिर की.
यह भी पढ़ें: रजरप्पा में टेम्पू चालकों ने कायम की मिसाल, श्रमदान कर दुरुस्त की जर्जर सड़क