मुमताज अहमद/न्यूज़11 भारत
खलारी/डेस्क: अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल एनके एवं पिपरवार ने 20.940 टन अवैध कोयला बरामद किया है. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय कोयला तस्करों के बीच बेचैनी बढ़ गई है.
जानकारी के अनुसार, पिपरवार पुलिस पिकेट के पीछे तथा पिपरवार चेक पोस्ट से राजधर रेलवे साइडिंग जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे भारी मात्रा में कोयला जमा होने की सूचना मिली थी. जांच में सामने आया कि कोयले को अवैध रूप से खनन क्षेत्र से निकालकर तस्करी के उद्देश्य से रखा गया था.
उप कमांडेंट दिनेश कुमार के नेतृत्व में सीआईएसएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर कोयले को जब्त किया. अभियान में सहायक कमांडेंट हर्ष लवानिया समेत कई अधिकारियों ने भाग लिया. वेट ब्रिज संख्या-11 पर तौल के दौरान कोयले का वजन 20.940 टन पाया गया, जिसे आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया.
कमांडेंट अमित कुमार के दिशा-निर्देश में "जीरो टॉलरेंस" नीति के तहत चल रहे इस अभियान से पिपरवार क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार पर लगातार शिकंजा कसता जा रहा है. सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.