चंचल गिरी/न्यूज़11 भारत
जामताड़ा/डेस्क: मिहिजाम स्थित गुरुद्वारा साहिब में मंगलवार को सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाश पर्व पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. गुरुवाणी और शब्द-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया. कार्यक्रम में सिख समुदाय के साथ-साथ अन्य धर्मों के लोगों ने भी शामिल होकर आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया.
दो दिवसीय अखंड पाठ की समाप्ति के बाद आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में मिहिजाम सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. चिरेका के महाप्रबंधक मोहित चंद्रा ने भी गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका और गुरु का आशीर्वाद लिया. इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष जयश्री देवी, थाना प्रभारी प्रदीप राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण, झामुमो जिला उपाध्यक्ष प्रो. कैलाश प्रसाद साव सहित कई राजनीतिक और सामाजिक गणमान्य लोग मौजूद रहे.
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जमशेदपुर से पहुंचीं नलिंदर कौर और उनके सहयोगी रागी जत्थे द्वारा प्रस्तुत शब्द-कीर्तन रहा. गुरुवाणी की मधुर धुनों से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो उठा.वहीं सेवा भावना के तहत रूपनारायणपुर लायंस क्लब ने ऑटोमेटिक रोटी मशीन से लंगर व्यवस्था में सहयोग किया. भारत स्काउट एंड गाइड के स्वयंसेवकों ने जूता-चप्पल स्टैंड संभाला, जबकि जरूरतमंदों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर भी लगाया गया. समारोह के अंत में हजारों श्रद्धालुओं ने सामूहिक लंगर में प्रसाद ग्रहण किया. इस आयोजन ने एक बार फिर गुरु नानक देव जी के प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया.