न्यूज़11 भारत
नोएडा/डेस्क: नोएडा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक पूरे परिवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी है. पति-पत्नी समेत तीन छोटे बच्चों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि परिवार रात में मैगी खाकर सोया था और सुबह कोई उठा ही नहीं. घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची है और मामले की छानबीन कर रही है.
घटना रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीगोपाल गांव की है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी अपने तीन नाबालिग बच्चों के साथ देर रात करीब 10 बजे मैगी खाकर सोये थे. सुबह जब घर से कोई बाहर नहीं निकला, तो पड़ोसियों ने अनहोनी की आशंका होने पर किसी तरह घर में घुसे. कमरे में पांचों बिस्तर पर मृत मिले.
मृतकों में महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), पुत्र लड्डू (11), पुत्री मिष्टी (7) और सबसे छोटा पुत्र साक्षात (3) शामिल है.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल, उच्चाधिकारीगण, एम्बुलेंस एवं फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम मौके अपर पहुंची है. फील्ड यूनिट, फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं.
इस पूरे मामले में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है. हालांकि फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
इसे भी पढ़ें: लालकृष्ण आडवाणी की बिगड़ी तबीयत, दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती