न्यूज़11 भारत
गिरिडीह/डेस्क: डुमरी के घुजाडीह टोल प्लाजा के समीप कोलकाता-दिल्ली हाईवे पर तीन ट्रकों के बीच भीषण टक्कर हो गई. टक्कर के बाद दो ट्रकों में भीषण आग लग गई. यह घटना डुमरी थाना क्षेत्र की हैं. बताया जाता है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों ट्रक आपस में भिड़ गए, जिसके बाद दो ट्रकों में आग लग गई. इस हादसे में एक ट्रक के ड्राइवर और खलासी की ट्रक के अंदर जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई. उनकी पहचान अब तक नहीं हो पाई हैं. वहीं, एक अन्य ट्रक चालक टींकू ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए रेफरल अस्पताल ले जाया गया.
जानकारी के अनुसार, एक ट्रक पेंट और मकई का बीज लेकर पटना से पुरूलिया जा रहा था. टोल प्लाजा के पास पहले से एक कोयला लदा ट्रेलर खड़ा था, जिसके पीछे पेंट लदा ट्रक खड़ा था. तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे गुड्स लोडेड ट्रक ने दोनों खड़े ट्रकों में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद पेंट लोडेड ट्रक और गुड्स ट्रक में आग लग गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि ट्रक धू-धू कर जलते रहे. बाद में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. फिलहाल पुलिस जले हुए ट्रकों से शव निकालने की कोशिश कर रही हैं. अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है और न ही वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर की स्पष्ट जानकारी मिल सकी हैं.
यह भी पढ़े: बहरागोड़ा क्षेत्र में एक बार फिर मिला विश्व युद्ध के समय का बम, ग्रामीण भयभीत