कुमार चंदन/न्यूज़11 भारत
चतरा/डेस्क: चतरा जिले की लावालौंग पुलिस को अफीम तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए सतीटांड़ गांव के एक सुनसान घर से करीब 41 लाख रुपये मूल्य का डोडा बरामद किया है. सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले की जानकारी दी. एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि सतीटांड़ से मरगड्डा जाने वाले रास्ते पर एक मिट्टी के घर में भारी मात्रा में मादक पदार्थ छिपाया गया है. इसके बाद लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की. मौके से 15 बोरों में पैक कुल 272.750 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. एसडीपीओ ने बताया कि फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि इस डोडा को कहां सप्लाई किया जाना था. इस अवैध धंधे में शामिल पूरे नेटवर्क और तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की लगातार छापेमारी जारी है.
यह भी पढ़ें- जूनियर डॉक्टरों के साथ मारपीट की घटना के बाद रिम्स की सुरक्षा के लिए हुई अहम बैठक, बनाया जाएगा नया रोस्टर