संतोष श्रीवास्तव/विकास कुमार/ न्यूज़ 11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस अधीक्षक पलामू को मिली गुप्त सूचना के आधार पर हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस और थाना पुलिस की विशेष टीम (एसआईटी) ने कार्रवाई करते हुए 320 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है. अंतरराष्ट्रीय/खुदरा बाजार में जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है.
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ला, (IPS) ने बताया कि बिहार के रास्ते जपला होते हुए एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध गांजा की तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर एसआईटी का गठन कर छतरपुर मेन रोड पर गमरिया गांव के समीप सघन चेकिंग अभियान चलाया गया. चेकिंग के दौरान रात करीब 12:30 बजे एक संदिग्ध ट्रक को रोका गया.
तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर लकड़ी का पलंगनुमा ढांचा बनाकर गांजे की खेप को छुपाया गया था, जिसे छिपाने के लिए ऊपर से पुराना प्लास्टिक व खाली कैरेट लादे गए थे. मौके पर ही डीडी किट (ड्रग डिटेक्शन किट) से जांच करने पर पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद सभी प्रदर्शों को जब्त कर लिया गया. पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
आगे पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ला ने बतया कि तस्करों के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसमें शामिल अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी लगातार छापेमारी कर रही है. उन्होने ने स्पष्ट किया है कि एनडीपीएस (मादक पदार्थ) के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा आम नागरिकों से भी अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: मेदिनीनगर के चंद्रशेखर आजाद चौक पर 'पं. राम निवास तिवारी मार्ग' का नामकरण, डिप्टी मेयर ने शिलापट्ट का किया अनावरण