सुरेन्द्र प्रसाद/न्यूज11 भारत
बोकारो/डेस्क: जिले में मोबाइल फोन के गुम और चोरी होने की बढ़ती शिकायतों के बीच बोकारो पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर CEIR पोर्टल की मदद से 30 जुलाई 2026 से 24 अगस्त 2026 के बीच कुल 78 मोबाइल फोन बरामद किए गए. बरामद मोबाइलों का सत्यापन करने के बाद 25 अगस्त को उन्हें उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिया गया.
पुलिस के अनुसार, जिले के अनुमंडल चास, बेरमो (तेनुघाट), नगर, मुख्यालय और बोकारो क्षेत्र में CEIR पोर्टल का इस्तेमाल कर मोबाइल फोन की बरामदगी की गई. बरामद सभी मोबाइलों के संबंध में संबंधित थाना और ओपी को सूचित किया गया था.
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पिछले चार महीनों में CEIR पोर्टल की मदद से कुल 567 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं और उन्हें वास्तविक मोबाइल धारकों को सौंपा गया है. साथ ही मोबाइल चोरी से जुड़े 3 कांड दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है.
मोबाइल गुम होने पर पुलिस की अपील
बोकारो पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना को सूचना दें और सरकार द्वारा जारी CEIR पोर्टल पर जाकर मोबाइल को ब्लॉक कराएं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल को इस्तेमाल करता पाया जाता है, तो इसकी सूचना संबंधित थाना और आवेदक को दी जाएगी.