न्यूज़11 भारत
लातेहार/डेस्क: झारखंड के लातेहार नगर पंचायत के बहुप्रतीक्षित चुनाव परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिए गए. भाजपा समर्थित उम्मीदवार महेश सिंह ने प्रभावशाली जीत दर्ज करते हुए चेयरमैन पद पर कब्जा जमाया. मतगणना लातेहार पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में संपन्न हुई, जहां आधिकारिक घोषणा के साथ ही समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई. परिसर 'जय श्री राम' और विकास के नारों से गूंज उठा.
समर्थकों में उत्साह, अबीर-गुलाल के साथ जश्न
परिणाम सामने आते ही पॉलिटेक्निक कॉलेज के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक एकत्र हो गए. हजारों की भीड़ ने नवनिर्वाचित चेयरमैन का गर्मजोशी से स्वागत किया. कार्यकर्ताओं ने महेश सिंह को फूल-मालाओं से लाद दिया और अबीर-गुलाल उड़ाकर जीत का जश्न मनाया. भाजपा खेमे में इस जीत को जनता के विश्वास और संगठन की मेहनत का प्रतिफल बताया जा रहा है.
यह जनता और कार्यकर्ताओं की जीत: महेश सिंह
अपनी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए महेश सिंह ने विनम्रता जताई. उन्होंने कहा कि मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि लातेहार नगर पंचायत की जनता और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता की जीत है. उन्होंने नगर क्षेत्र के मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए भरोसा दिलाया कि वे विकास और जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे.
ये भी पढ़ें- आवास बोर्ड ने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भेजा नोटिस, आवासीय भूखंड के व्यावसायिक उपयोग की जांच शुरू