विरेन्द्र शर्मा/न्यूज11 भारत
बरही/डेस्क: ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी ने झारखंड में संगठनात्मक विस्तार करते हुए कांग्रेस अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष केदार पासवान को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है. इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने पत्र जारी कर जानकारी दी. पासवान की इस नियुक्ति से बरही प्रखंड सहित उनके गृह क्षेत्र हथगढ़ा में खुशी का माहौल है. एक सुदूरवर्ती क्षेत्र से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले पासवान ने अपने मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के बल पर प्रदेश स्तर की राजनीति में मजबूत पहचान बनाई है.
नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए पासवान ने सादगीपूर्ण शब्दों में कहा कि पद उनके लिए ऊर्जा का स्रोत है. उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करना, संगठन का विस्तार करना और जनहित के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा. उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया.
उन्होंने बताया कि बीते करीब आठ वर्षों से वे कांग्रेस एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे थे और स्वयं इस दायित्व को किसी अन्य को सौंपने की इच्छा जताई थी, जिसका सम्मान पार्टी ने किया. इसके लिए उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित पार्टी शीर्ष नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी सहित प्रदेश के के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव कमलेश महतो सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया.
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन सतर्क: जपला आरपीएफ ने अवैध शराब के साथ एक तस्कर को दबोचा