संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय समिति सदस्य और पलामू जिला प्रवक्ता चंदन प्रकाश सिन्हा ने केंद्र सरकार की नीतियों की कड़े शब्दों में निंदा की है. उन्होंने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि शादियों के सीजन में बेटियों को उपहार देने की परंपरा है, तब सरकार सोने की खरीदारी नहीं कर जनता के साथ विश्वासघात कर रही है.
चंदन सिन्हा ने केंद्र की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो सरकार देश को विश्वगुरु बनाने के बड़े-बड़े सपने दिखा रही थी, वह आज पूरी तरह विफल साबित हो चुकी है. अब अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए जनता को कम खर्च करने और त्याग करने का ज्ञान दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आज लोगों को पेट्रोल बचाने, विदेश यात्राएं रोकने और घर से काम करने की सलाह दे रहे हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय संकट की जानकारी उन्हें चुनाव से पहले भी थी. लेकिन चुनावी लाभ के लिए जनता से सच छिपाया गया और अब वोट मिलते ही जनता पर बोझ डाला जा रहा है.
तेल की बढ़ती कीमतों और पेट्रोलियम मंत्री के बयानों पर हमला बोलते हुए झामुमो नेता ने कहा कि तेल कंपनियों के घाटे का बहाना बनाकर महंगाई बढ़ाने की तैयारी की जा रही है. उन्होंने सवाल किया कि जब कच्चे तेल के दाम कम थे और रूस से सस्ता तेल मिल रहा था, तब उसका फायदा आम जनता को क्यों नहीं मिला? तेल कंपनियों ने तो भारी मुनाफा कमाया, लेकिन वह पैसा आम जनता के बजाय कॉर्पोरेट मित्रों के खातों में गया.
चंदन प्रकाश सिन्हा ने अंत में कहा कि सरकार की विदेश नीति भी हर मोर्चे पर नाकाम रही है. महंगाई, बेरोजगारी और गिरते रुपये ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है. अब देशभक्ति के नाम पर जनता को भावनात्मक रूप से तैयार किया जा रहा है ताकि वे बढ़ती कीमतों का विरोध न कर सकें. उन्होंने इस पूरे प्रकरण को अनैतिक बताते हुए कहा कि सरकार का असली चेहरा अब सबके सामने आ गया है.