न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के साथ झारखंड को कड़ाके की ठंड से फिलहाल राहत मिल गयी है. पांच जिलों में न्यूनतम पारा 8 डिग्री सेल्सियस के नीचे चल रहा है, बाकी जिलों में पारा 10 या उससे ऊपर आ गया है. कुछ जिलों में तापमान 12-13 डिग्री तक आ गया है. राजधानी रांची की बात करें तो यहां न्यूनतम का पारा 10 से नीचे यानी 9 पर है. न सिर्फ न्यूनतम तापमान से झारखंड वासियों को राहत मिली, बल्कि हवाओं के थमने से ठंड का प्रकोप कम हुआ है. कुल मिलाकर झारखंड को शीतलहर के प्रकोप से राहत मिल गयी है.
मंगलवार को हालांकि आकाश पर थोड़े बादल अवश्य दिखाई दिये, धूप के दर्शन भी कम हुए, लेकिन इसका ठंड पर कोई विशेष अंतर नहीं पड़ा। माघ महीने के दूसरे हाफ में वैसे भी मौसम थोड़ा गर्म होने लगता है, इसलिए लोगों को घरों के अन्दर भले थोड़ी राहत नहीं मिले, लेकिन बाहर धूप में रहना अच्छा भी नही लगता है.
मौसम विभाग ने जिन जिलों में तापमान के 10 डिग्री से नीचे रहने के अनुमान जताया है, उनमें लोहरदगा, पलामू, रांची, खूंटी, गुमला हैं, जहां न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री के बीच रह सकता है. अधिकतम तापमान की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में तो पारा 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ चुका है. गोड्डा और पाकुड़ में तो तापमान 30 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है.
यह भी पढ़ें: राहुल दुबे गैंग ने अरगोड़ा के बिल्डर से मांगी पांच करोड़ की रंगदारी, जान से मारने की धमकी