न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली हैं. राज्य के कई इलाकों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने लोगों की दिनचर्या बिगाड़ दी हैं. राजधानी रांची समेत आधे से ज्यादा जिलों में सुबह से ही कोहरे की चादर छाई हुई हैं. उत्तर-पश्चिम से चल रही बर्फीली हवाओं के कारण ठंड और ज्यादा चुभने लगी हैं. पिछले 24 घंटे में रांची के पास स्थित कांके सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही हैं.
13 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रांची, रामगढ़, हजारीबाग, धनबाद, पलामू, गढ़वा, चतरा, लोहरदगा सहित 13 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया हैं. इन इलाकों में विजिबिलिटी कम रहने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता हैं.
23 दिसंबर तक जारी रहेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, 19 से 23 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा, जबकि दिन में आसमान साफ होने के बाद भी ठंडी हवाएं चलती रहेंगी. लातेहार और कोडरमा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जाएगा. ठंड और कोहरे की दोहरी मार का सबसे ज्यादा असर सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और खुले में रहने वाले लोगों पर पड़ रहा हैं. प्रशासन की ओर से अलाव और राहत की व्यवस्था बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही हैं.